गौमांस निर्यात करने वाली कंपनियों से चंदा लेने के आरोप,गोवर्धन पूजा पर प्रधानमंत्री के प्रदर्शन को बताया दिखावा।
ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना,गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गोवर्धन पूजा के अवसर पर बछड़ों को हरा चारा खिलाने की तस्वीरों पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रधानमंत्री सार्वजनिक रूप से गौ माता के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रदर्शित करते हैं, वहीं दूसरी ओर गौमांस के कारोबार से जुड़ी कंपनियों से राजनीतिक चंदा लेने के मामले में सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने कहा कि वर्ष 2014 में गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। लेकिन केंद्र में लंबे समय से भाजपा की सरकार होने के बावजूद गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग पूरी नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार वास्तव में गौ संरक्षण के प्रति गंभीर है तो अब तक इस दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए?
उन्होंने आरोप लगाया कि गौमांस के कारोबार से जुड़ी कंपनियों से राजनीतिक दलों को करोड़ों रुपये का चंदा मिलने के मामलों ने गौ संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि गोवर्धन पूजा पर गौ सेवा का प्रदर्शन करने के बजाय सरकार को गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस कानून और प्रभावी व्यवस्था लागू करनी चाहिए।
महाराज ने कहा कि राजस्थान मथुरा,काशी,उज्जैन और ऋषिकेश जैसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व वाले क्षेत्रों में भी गौवंश की दुर्दशा और गौ हत्या की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ संरक्षण के दावे करने वाली सरकारों के कार्यकाल में भी गौवंश सुरक्षित नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्र माता का संवैधानिक दर्जा देने की मांग की।
उन्होंने राजनीतिक नेताओं और फिल्मी अभिनेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अभिनेता पर्दे पर अलग-अलग किरदार निभाते हैं,जबकि नेताओं की असली पहचान उनके कार्यों से होती है। केवल मंचों और कैमरों के सामने गौ माता के प्रति श्रद्धा दिखाने से गौ संरक्षण नहीं होगा। इसके लिए जमीन पर काम करना होगा।
अंत में गौ पुत्र धर्मदास महाराज ने देशवासियों से आह्वान किया कि गौ माता के नाम पर राजनीति और दिखावा करने वालों से सवाल करें तथा गौवंश की सुरक्षा के लिए आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस कानून,ईमानदार नीयत और प्रभावी कार्यवाही से ही संभव है।

