सुंदरावली हत्याकांड को लेकर विप्र फाउंडेशन ने उठाई आवाज, निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- ग्राम सुंदरावली में हुए बृजेश शर्मा हत्याकांड को लेकर विप्र फाउंडेशन जिला अलवर ने कड़ा रोष जताते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। इस संबंध में 13 नवंबर 2026 को विप्र फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर अलवर को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते बृजेश शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी लाठी-डंडों एवं पत्थरों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना को अत्यंत दुखद,निंदनीय और समाज को झकझोर देने वाली बताते हुए गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
विप्र फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए तथा मामले में नामजद सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने, पीड़ित परिवार को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने और उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राजनीतिक रंजिश अथवा व्यक्तिगत विवाद के चलते किसी निर्दोष व्यक्ति की हत्या होना सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही जरूरी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की वारदातों की पुनरावृत्ति न हो। विप्र फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और उसे न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
ये रहे मौजूद: ज्ञापन सौंपने के दौरान विप्र फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश आडिचवाल,जिला अध्यक्ष पीयूष पंडित जाडला,जिला महामंत्री मनोज बेड़ा,शहर अध्यक्ष चंद्रपुनित शर्मा, महिला महामंत्री ममता शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, परामर्शदात्री सदस्य राजेंद्र तिवारी,पुष्पराज शर्मा,युवा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा,संगठन मंत्री राहुल घाट, जिला उपाध्यक्ष सीए नवीन शर्मा,विकास तिवाड़ी,कमल भारद्वाज,प्रभुदयाल शर्मा, चेतन जैमन,नागपाल शर्मा माचाड़ी,धर्मवीर शर्मा, काकाजी,जितेंद्र शर्मा,तपेश जैमन,गोपेश शर्मा,विशाल शर्मा,नरेश शर्मा,शिवम शर्मा, अवधेश शर्मा एवं पंकज शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से शीघ्र,निष्पक्ष और सख्त कार्यवाही की मांग की।
