जिसकी नेम प्लेट नहीं लगी, वो सभागार से बाहर हो जाएं... बेचारे बलबीर छिल्लर बाहर!
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर पंचायत राज चुनाव की आहट के बीच अलवर की सियासत में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर अंदरखाने हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता एवं राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ से भाजपा प्रत्याशी रहे बन्नाराम मीणा की धर्मपत्नी के राजकीय सेवा से अचानक वीआरएस लेने के बाद जिला प्रमुख पद की दौड़ में कई नेताओं और नेत्रियों के राजनीतिक समीकरण गड़बड़ाने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि पंचायत चुनावी मौसम को देखते हुए कई नेताओं और नेत्रियों ने अपने परिजनों,पुत्रवधुओं और करीबी चेहरों को जिला प्रमुख पद की दौड़ में उतारने के सपने संजो रखे थे। लेकिन बन्नाराम मीणा की धर्मपत्नी के वीआरएस लेने के बाद सियासी गलियारों में नए समीकरण बनने लगे हैं।
जिला प्रमुख पद की दौड़ में शामिल कई नेताओं और नेत्रियों के बीच अब एक ही चर्चा सुनाई दे रही है—
"राव साहब तो बन्ना के खास हैं, अपणा नंबर नहीं आएगा।"
यानी एक ओर जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर दावेदारों में जोर आजमाइश चल रही है, वहीं दूसरी ओर संभावित राजनीतिक समीकरणों ने कई दावेदारों के अरमानों पर पानी फेर दिया है।
*"जिसकी नेम प्लेट नहीं लगी, वो बाहर हो जाए*..."
अलवर जिला प्रमुख पद की राजनीति में ऐसे कई मौके पहले भी चर्चा में रहे हैं, जब कुर्सी से ज्यादा उसकी 'नेम प्लेट' ने सियासी चर्चाओं को जन्म दिया। जिला प्रमुख पद की गरिमा को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। यहां तक कि सीएस वी. श्रीनिवासन की मौजूदगी में हुए एक घटनाक्रम को लेकर भी सियासी गलियारों में यह बात लंबे समय तक चर्चा में रही—
"वो बाहर हो जाएं, जिनकी नेम प्लेट नहीं लगी है..."
और इस सियासी किस्से में बेचारे बलबीर छिल्लर के बाहर हो जाने की चर्चा आज भी चटखारे लेकर की जाती है।
अब पंचायत चुनाव से पहले जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर फिर से सियासी शतरंज बिछ चुकी है। कौन अंदर होगा, किसकी नेम प्लेट लगेगी और किसे बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा—इसका फैसला आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव के परिणाम और राजनीतिक समीकरण करेंगे।
