करीब तीन माह बाद फिर शुरू हुई जंगल सफारी, पर्यटकों में खासा उत्साह।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर जिले के सरिस्का अभयारण्य क्षेत्र में पर्यटकों के लिए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सरिस्का टाइगर रिजर्व के दरवाजे खुल गए हैं। करीब तीन माह के अंतराल के बाद सरिस्का में जंगल सफारी फिर शुरू होने से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब पर्यटक सरिस्का के जंगल में बाघों सहित अन्य वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे।
गुरुवार,०1अक्टूबर से सरिस्का में सुबह और शाम दोनों समय जंगल सफारी शुरू हो गई है। सफारी शुरू होने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने की उम्मीद है। सरिस्का की प्राकृतिक खूबसूरती और बाघों को करीब से देखने के लिए पर्यटकों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
सरिस्का टाइगर रिजर्व में वर्तमान में करीब 56 बाघ बताए जा रहे हैं। इनमें 11 बाघ,18 बाघिनें और 27 शावक शामिल हैं। बाघों की बढ़ती संख्या सरिस्का के संरक्षण प्रयासों की सफलता को दर्शाती है और यही पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र भी है।
सफारी शुरू होने के साथ सरिस्का में पर्यटन गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। वन विभाग की ओर से पर्यटकों की सुविधा और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफारी व्यवस्था संचालित की जा रही है।


