दो साधुओं की हत्या कर तख्त पर रखकर जलाए शव, गांव में तनाव।
मंदिर के पास मिले अधजले शव, एक संदिग्ध हिरासत में; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-शाहजहां पुर- शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में गांव के बाहर मंदिर में रह रहे दो साधुओं की हत्या के बाद उनके शवों को जलाए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। मंदिर के पास दोनों साधुओं के अधजले शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करने वाले साधु गोपालदास और बिहारीदास की हत्या किए जाने का आरोप है। आरोप है कि गांव के सुमित सिंह ने दोनों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी और इसके बाद शवों को मंदिर में तख्त पर रखकर जला दिया। आग में एक शव पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरा शव अधजली अवस्था में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ कर वारदात के कारणों और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
*संत समाज ने जताया शोक*
घटना पर ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्म दास महाराज ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दोनों वैष्णव संप्रदाय के संतों के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।
