करोड़ों खर्च के बाद भी बदहाल व्यवस्था! सरकारी अस्पताल के प्रवेश द्वार पर मरीजों की जान जोखिम में।

 करोड़ों खर्च के बाद भी बदहाल व्यवस्था! सरकारी अस्पताल के प्रवेश द्वार पर मरीजों की जान जोखिम में।



नालियों पर लगे लोहे के जाल और पटाव कुछ ही महीनों में उखड़ने लगे, हल्की बारिश में खुलने लगी निर्माण कार्यों की पोल;

 जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार की कार्यशैली पर उठे सवाल।


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में करोड़ों रुपये खर्च कर विकास कार्य करवाने के बावजूद आम जनता और मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कदम रखते ही मरीजों और उनके परिजनों को गिरने तथा चोटिल होने का डर सताने लगा है। नालियों पर किए गए पटाव और लगाए गए लोहे के जाल की हालत देखकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य पूरे हुए अभी कुछ महीने भी नहीं बीते हैं और नालियों पर लगे लोहे के जाल तथा पटाव जगह-जगह से खराब होने लगे हैं। हल्की बारिश और कुछ महीनों के भीतर ही निर्माण की वास्तविक स्थिति सामने आने लगी है। ऐसे में अस्पताल आने वाले बुजुर्गों,बच्चों, मरीजों और उनके परिजनों के लिए यह रास्ता हादसों का कारण बन सकता है।

सवाल यह है कि जब करोड़ों रुपये खर्च कर विकास कार्य करवाए गए तो उनकी गुणवत्ता की जांच किसने की? निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने वाले जिम्मेदार अधिकारी कहां थे? क्या ठेकेदार को भुगतान करने से पहले काम की गुणवत्ता और मजबूती की जांच की गई थी? यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हुआ है तो कुछ ही महीनों में इसकी दुर्दशा क्यों होने लगी?

सरकारी अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यहां लोग इलाज और राहत की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन बदहाल निर्माण व्यवस्था के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी और दुर्घटना का खतरा झेलना पड़ रहा है।

अब प्रशासन से मांग है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की जवाबदेही तय हो तथा घटिया निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त नालियों और लोहे के जाल की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था सुधारी जा सके। आखिर जनता के करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी सुरक्षित रास्ते और बेहतर सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो विकास कार्यों का लाभ किसे मिल रहा है?

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने