बदलते मौसम के बीच मतदान का उत्साह बरकरार, 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भी किया मतदान।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-मालाखेड़ा- अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र की लिली ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव के दौरान मतदान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान के बीच मौसम का मिजाज भी बदल गया, लेकिन मौसम में आए बदलाव का मतदाताओं के उत्साह पर कोई खास असर नहीं पड़ा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। ग्राम पंचायत में 95 वर्षीय बुजुर्ग और 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला,तथा ग्राम पंचायत नाडू में 80 वर्षीय हरदयाल शर्मा ओर दुब्बी ग्राम पंचायत में 97 वर्षीय बोदन पटेल ने भी व्हीलचेयर से मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इतनी अधिक उम्र होने के बावजूद मतदान के प्रति उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी बुजुर्गों ने मतदान कर अन्य लोगों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का संदेश दिया।
इस दौरान मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग मतदाताओं के जज्बे की सराहना की। उम्र की सीमा और बदलते मौसम के बावजूद मतदान के प्रति उनका समर्पण ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। बुजुर्ग मतदाताओं की यह भागीदारी लोकतंत्र में हर एक वोट के महत्व को दर्शाती नजर आई।
