बैरेर पंचायत में मतदान को लेकर तनाव, सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र मीणा धरने पर बैठे
फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर की पुनर्मतदान की मांग, सैकड़ों समर्थक मतदान केंद्र के बाहर जुटे।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-माचाडी- राजगढ़ थाना क्षेत्र के रैणी पंचायत समिति अंतर्गत बैरेर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान तनाव की स्थिति सामने आई। सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र मीणा अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रत्याशी ने मतदान में फर्जी वोटिंग होने का आरोप लगाते हुए पुनर्मतदान कराने की मांग उठाई।
प्रत्याशी के धरने पर बैठने की सूचना के बाद मतदान केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्रित हो गए। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और प्रशासन एवं पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार,पुलिस मोबाइल पार्टी,जोनल मजिस्ट्रेट सहित पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और हालात को संभालने के प्रयास किए।
सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र मीणा ने मतदान में कथित फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग की है। हालांकि,फर्जी वोटिंग के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सभी की नजर प्रशासन की कार्यवाही और मतदान को लेकर लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी हुई है।
