जलझूलनी एकादशी पर निकली ठाकुरजी की डोल पालकी।

 जलझूलनी एकादशी पर निकली ठाकुरजी की डोल पालकी।




माचाडी के मंदिरों में हुआ आकर्षक श्रृंगार,देवकुंड पहुंचकर ठाकुरजी को कराया जल विहार।


*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-माचाडी- प्राचीनकाल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे के विभिन्न मंदिरों में ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। नवीन पोशाक एवं मनमोहक श्रृंगार में विराजमान ठाकुरजी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हुए मन्नतें मांगी।

जलझूलनी एकादशी के अवसर पर बावनदेव मंदिर स्थित स्वामीका,मस्ताका, दाऊजी,सीतारामजी, नंगेंश्वर धाम सहित अनेक मंदिरों से ठाकुरजी की डोल पालकियां घंटे-घड़ियाल और शंखनाद के साथ बावनदेव मंदिर पहुंचीं। यहां सभी मंदिरों के ठाकुरजी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

इसके बाद दोपहर करीब ०3 बजे बैंड-बाजे और धार्मिक धुनों के बीच ठाकुरजी की डोल पालकी नगर भ्रमण के लिए निकली। डोल पालकी प्रमुख बाजारों से होते हुए प्राचीन देवकुंड पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और घंटे-घड़ियालों तथा शंखनाद से कस्बे का वातावरण भक्तिमय हो गया।

देवकुंड पहुंचने पर विधि-विधान के साथ ठाकुरजी को कुंड के पवित्र जल से स्नान कराया गया। इसके साथ ही ठाकुरजी के वस्त्र भी धोए गए। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी की मनमोहक झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा केले, बर्फी, खीरा सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान पंडित राजेश शर्मा ने कथा का वाचन किया। कथा के पश्चात आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं चरणामृत वितरित किया गया। डोल पालकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे कस्बे में धार्मिक एवं भक्तिमय माहौल बना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने