प्रीत विहार में सड़क के बीच खुला सीवरेज चैंबर, हादसे का खतरा।
एनईबी ट्रांसपोर्ट नगर में लकी जनरल स्टोर के सामने मेन सीवरेज लाइन का ढक्कन गायब, राहगीरों और वाहन चालकों में चिंता।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर एनईबी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के प्रीत विहार में लकी जनरल स्टोर के सामने छात्रावास के पास सड़क के बीचोंबीच खुला पड़ा मेन सीवरेज चैंबर हादसे को न्योता दे रहा है। सीवरेज चैंबर का ढक्कन नहीं होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग दिनभर व्यस्त रहता है। बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल राहगीर यहां से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क के बीच खुला पड़ा सीवरेज चैंबर कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। खासकर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में वाहन चालकों को खुले चैंबर का पता नहीं चलने पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने अथवा राहगीर के उसमें गिरने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज चैंबर काफी समय से खुला पड़ा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अभी तक इसकी सुध नहीं ली गई है। मामला नगर निगम एवं आवासन मंडल से जुड़ा होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्यवाही नहीं होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को किसी हादसे के बाद जागने के बजाय समय रहते समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने नगर निगम एवं आवासन मंडल के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल सीवरेज चैंबर पर मजबूत ढक्कन लगवाने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खुले चैंबर को बंद नहीं किया गया तो किसी राहगीर या वाहन चालक के साथ गंभीर अनहोनी हो सकती है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि खुले सीवरेज चैंबर पर ढक्कन कब लगेगा और जिम्मेदार विभाग किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय कब जागेंगे?
