दादू पंथ पीठाधीश्वर आचार्य निर्भय राम जी महाराज की छतरी पर गूंजेगा भक्ति का स्वर।
०2 अक्टूबर को विशाल रात्रि जागरण, ०3 अक्टूबर को महाआरती व पंगत राम का आयोजन!
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-राजगढ़- राजगढ़ दादू पंथ पीठाधीश्वर अष्टम आचार्य श्री श्री 1008 निर्भय राम जी महाराज की पावन छतरी पर आगामी ०2 एवं ०3 अक्टूबर को दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में संत-महंतों के सानिध्य के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवकगण शामिल होंगे।
बाबा के सेवक राजेश जोशी ने बताया कि धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर छतरी पर बैठक आयोजित की गई,जिसमें कार्यकर्ताओं एवं सेवागणों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह बना हुआ है।
कार्यक्रम के तहत ०2 अक्टूबर की रात्रि को विशाल रात्रि जागरण आयोजित होगा,जिसमें श्रद्धालु भजन-सत्संग के माध्यम से बाबा की भक्ति में लीन होंगे। वहीं ०3 अक्टूबर को सुबह ०9 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे पंगत राम (प्रसादी/भंडारा) का आयोजन होगा,जिसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान दादू पंथ पीठाधीश्वर आचार्य श्री ओम दास जी महाराज (नरेना धाम) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम में महंत श्री राम गोपाल दास जी महाराज (तपस्वी,जोधपुर),महंत श्री राम निवास दास जी महाराज (पौह धाम) तथा भंडारी श्री भगवान दास जी (पौह धाम) सहित अनेक संत-महंतों की उपस्थिति रहेगी।
इसके अलावा ठिकाना गंगाबाग बाग के स्थानीय महंत प्रकाशदास दास महाराज उतराधिकारी उमाशंकर उर्फ गुड्डू महाराज, संत,थमायत एवं बड़ी संख्या में संत,सेवकगण भी कार्यक्रम में शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्थाओं को लेकर सेवकों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

