नीमकाथाना में कल होगी पुलिस जनसुनवाई, एसपी करेंगे आमजन की परिवेदनाओं पर सुनवाई।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):- नीमकाथाना- अलवर जिले के नीमकाथाना में आमजन की शिकायतों एवं परिवेदनाओं के प्रभावी और त्वरित निस्तारण को लेकर पुलिस विभाग की ओर से जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान जयपुर के निर्देशों की पालना में सितंबर माह में प्रदेश के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों से संबंधित परिवादियों की जनसुनवाई की जा रही है।
नीमकाथाना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा ने बताया कि 23 सितंबर 2026, बुधवार को नीमकाथाना क्षेत्र के समस्त पुलिस थानों से संबंधित परिवादियों की जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय,नीमकाथाना में होगा। इसका समय दोपहर ०3 बजे निर्धारित किया गया है।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं एवं परिवेदनाएं सुनेंगे तथा उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं परिवेदनाएं प्रस्तुत करें, ताकि उनका नियमानुसार निस्तारण कराया जा सके।
इन थाना क्षेत्रों में भी होगी जनसुनवाई
पुलिस विभाग की ओर से आगामी दिनों में अन्य पुलिस थाना क्षेत्रों के लिए भी जनसुनवाई की तिथियां निर्धारित की गई हैं। 26 सितंबर को थाना दादिया, 28 सितंबर को वृत्त खाटूश्यामजी के समस्त पुलिस थानों तथा 30 सितंबर को वृत्त धोद के समस्त पुलिस थानों से संबंधित परिवादियों की जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
