सत्ता की सीढ़ी चढ़ी भाजपा, अब विकास की राह आसान नहीं।
सियासी शतरंज से विकास की चौपाल तक, अब अलवर की बारी।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर जिले में करीब एक सप्ताह तक चली राजनीतिक उठापटक,जोड़-तोड़ की चर्चाओं और समर्थन जुटाने की कवायद के बाद आखिरकार नगर निगम अलवर की सियासी तस्वीर साफ हो गई। भाजपा की सुमनलता अग्रवाल मेयर चुनी गईं और इसी के साथ शहर को पहली निर्वाचित मेयर मिल गई। मेयर चुनाव का परिणाम महज एक संवैधानिक प्रक्रिया का समापन नहीं,बल्कि उस राजनीतिक शतरंज का अंतिम दांव भी रहा,जिसकी बिसात 14 सितंबर को नगर निगम चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही बिछ गई थी।
65 वार्डों के चुनाव में जनता ने किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया। भाजपा 28 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी,लेकिन बहुमत के आंकड़े से दूर रही। कांग्रेस के खाते में 22 सीटें आईं,जबकि 14 निर्दलीय और एक बसपा पार्षद भी जीतकर निगम पहुंचे। ऐसे में सत्ता की चाबी निर्दलीय पार्षदों के हाथ में आ गई और मेयर चुनाव तक अलवर की सियासत का सबसे बड़ा सवाल यही बना रहा कि आखिर नगर निगम की कमान किसके हाथ जाएगी।
आखिरकार भाजपा ने अपने पक्ष में राजनीतिक समीकरण साधते हुए बढ़त को जीत में बदल दिया। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार होने का राजनीतिक लाभ भी पार्टी को मिला और आवश्यक समर्थन जुटाकर भाजपा ने मेयर पद पर कब्जा जमा लिया। इसके साथ ही नगर निगम में भाजपा बोर्ड बनने का रास्ता भी लगभग साफ हो गया।
*अब सियासत नहीं, कामकाज की परीक्षा*
मेयर चुनाव के साथ भले ही राजनीतिक उठापटक का एक अध्याय खत्म हो गया हो, लेकिन असली परीक्षा अब शुरू होगी। चुनावी नारों,वादों और समर्थन के गणित का दौर समाप्त हो चुका है। अब शहर के सामने मौजूद समस्याएं नई बोर्ड के सामने खड़ी हैं।
अलवर की सड़कों पर गड्ढे, बरसात में जलभराव से जूझते बाजार और कॉलोनियां,सफाई व्यवस्था की चुनौती,पेयजल समस्या, बढ़ता ट्रैफिक जाम,पार्किंग की दिक्कत और आवारा पशुओं की समस्या जैसे मुद्दे किसी राजनीतिक समीकरण से हल नहीं होंगे। इनके लिए ठोस योजना,प्रभावी क्रियान्वयन और लगातार निगरानी की जरूरत होगी।
नगर निगम चुनाव में मतदाताओं ने केवल पार्षद और मेयर नहीं चुने,बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने की जिम्मेदारी भी नई बोर्ड को सौंपी है। भाजपा के लिए यह जीत निश्चित रूप से बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है, लेकिन इसके साथ उतनी ही बड़ी जवाबदेही भी जुड़ी है।
*जनता अब परिणाम चाहती है*
अलवर की जनता अब सियासी गणित नहीं, बल्कि जमीन पर बदलाव देखना चाहती है। शहरवासियों को यह इंतजार नहीं कि किस पार्षद ने किसके पक्ष में मतदान किया और किस राजनीतिक खेमे ने किसे समर्थन दिया। जनता का सवाल अब सीधा है—शहर की समस्याएं कब दूर होंगी?
नई मेयर और भाजपा बोर्ड के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह राजनीतिक सफलता को विकास की उपलब्धियों में बदल सके। यदि बोर्ड शहर की बुनियादी समस्याओं पर प्रभावी काम करता है तो यह जीत जनता के विश्वास में बदल सकती है। लेकिन यदि राजनीति विकास पर हावी रही तो यही बहुमत आने वाले समय में सवालों के घेरे में भी आ सकता है।
आखिरकार मेयर की कुर्सी केवल सत्ता का प्रतीक नहीं, बल्कि शहर के प्रति जवाबदेही का पद है। इतिहास में किसी मेयर का नाम केवल चुनाव जीतने से दर्ज नहीं होता,बल्कि वह शहर में छोड़े गए विकास के कामों और जनता के जीवन में आए बदलाव से याद किया जाता है।
अब अलवर की निगाहें मेयर की कुर्सी पर नहीं, बल्कि उस कुर्सी से लिए जाने वाले फैसलों पर टिकी हैं। सियासी शतरंज खत्म हो चुकी है, अब विकास की चौपाल में नई बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई है।
