अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्यवाही
बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने की कार्यवाही।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):- रैणी- अवैध खनन एवं बजरी के अवैध परिवहन के खिलाफ अलवर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए रैणी थाना क्षेत्र में बजरी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका एवं राजगढ़ वृत्ताधिकारी देशराज कुलदीप के निकटतम सुपरविजन में रैणी थाना पुलिस ने यह कार्यवाही की। थाना अधिकारी बने सिंह मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध रूप से बजरी का परिवहन किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाकर चालकों से बजरी के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए बजरी से भरे दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है तथा अवैध खनन एवं बजरी परिवहन से जुड़े मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्यवाही से अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
