स्कीम नंबर 10 टी-पॉइंट पर रोज लग रहा जाम, यातायात व्यवस्था बेपटरी।
पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें, स्लिप लेन और बैरिकेडिंग की जरूरत।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर स्कीम नंबर 10 टी-पॉइंट पर यातायात जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। रोजाना पीक आवर्स में यहां वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ लंबी कतारें लग जाती हैं और वाहन चालकों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण वाहन चालकों का समय बर्बाद होने के साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि टी-पॉइंट पर जाम की समस्या को लेकर बार-बार ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी और स्थायी यातायात व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। व्यस्त समय में स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है और वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहते हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्लिप लेन/फ्री लेफ्ट की व्यवस्था, उचित बैरिकेडिंग तथा वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है और जाम की स्थिति से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि स्कीम नंबर 10 टी-पॉइंट का मौके पर निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए तथा जल्द से जल्द व्यावहारिक समाधान लागू किया जाए। लोगों का कहना है कि रोजाना जाम की समस्या झेल रहे आम वाहन चालकों को राहत दिलाने के लिए अब महज आश्वासन के बजाय ठोस कार्यवाही की जरूरत है।
