खेजड़ली में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन संपन्न।
अमृता देवी सहित 363 पर्यावरण शहीदों को किया याद, पेड़ और प्रकृति बचाने का लिया संकल्प।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-राजगढ़- जोधपुर के खेजड़ली के शहीद स्थल पर 20 से 22 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन का मुख्य विषय “प्रकृति से प्रेरित गुरु जंभेश्वर जी के दर्शन से मार्गदर्शित जलवायु संरक्षण एवं सतत भविष्य” रहा।
सम्मेलन में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश फरजाद अली मुख्य अतिथि रहे, जबकि जेएनवीयू के कुलगुरु प्रो. पवन कुमार ने अध्यक्षता की। अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. कार्लोस नार्वे, ओमप्रकाश बिश्नोई एवं मलखान बिश्नोई सहित देश-विदेश से आए पर्यावरणविदों ने सम्मेलन में भाग लिया।
इस दौरान खेजड़ली बलिदान स्थल पर अमृता देवी सहित 363 पर्यावरण शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण और पेड़ों की रक्षा के लिए खेजड़ली के बलिदान से बड़ा उदाहरण दुनिया में शायद ही कोई दूसरा हो। अमृता देवी और उनके साथ 363 लोगों ने पेड़ों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जो आज भी पूरी मानवता को प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा देता है।
*सम्मेलन के मुख्य वक्ता जल प्रहरी नेहपाल सिंह* ने कहा कि अमृता देवी, उनकी तीनों बेटियों सहित 363 लोगों का बलिदान हमें पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों को बचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब लोग पेड़ों की रक्षा के लिए अपना जीवन तक न्योछावर कर सकते हैं, तो हमें भी पेड़ और प्रकृति बचाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।
सम्मेलन में देश-विदेश से पहुंचे हजारों पर्यावरणविदों, विशेषज्ञों और पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। जल प्रहरी नेहपाल सिंह को भी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, जल संरक्षण तथा सतत भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
