पीपाड शहर में नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष आशा देवी ने संभाला कार्यभार
पालिका कार्यालय में हुआ स्वागत, नवनिर्वाचित पार्षद व गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
पीपाड़ शहर। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्वाचित होने के बाद आशा देवी ने बुधवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान पालिका कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।इस अवसर पर उपखंड अधिकारी नेमाराम रॉयल एवं अधिशासी अधिकारी मोहम्मद सुहेल शेख सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं नवनिर्वाचित पार्षदों और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी पालिका कार्यालय पहुंचकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा देवी का स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष आशा देवी ने पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शहर में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न जनसमस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों, अधिकारियों और आमजन के सहयोग से मिलकर कार्य किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ साफ-सफाई, सड़क, पेयजल, रोशनी एवं अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नगर पालिका में नई बोर्ड की विधिवत शुरुआत हो गई। इस दौरान मौजूद पार्षदों एवं नागरिकों ने भी शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान पालिका कार्यालय में उत्साह का माहौल रहा।
