पीपाड शहर में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया

 पीपाड शहर में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया




एम्स जोधपुर की टीम ने राजकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया अनुवर्ती जागरूकता सत्र


पीपाड़ सिटी। राजकीय कन्या महाविद्यालय, पीपाड़ सिटी में बुधवार को छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनुवर्ती मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम की निरंतरता के रूप में आयोजित हुआ।कार्यक्रम एम्स जोधपुर के कम्युनिटी मेडिसिन एवं फैमिली मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर डॉ. नीति रस्तोगी के निर्देशन में एम्स जोधपुर की टीम द्वारा आयोजित किया गया। सत्र में डॉ. इशिका अरोड़ा, रिसर्च साइंटिस्ट सोनी चौधरी, लक्ष्मी परिहार एवं श्रीकृष्ण सिंह ने छात्राओं के साथ संवाद किया।

सत्र के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्राओं से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने छात्राओं को अपनी भावनाओं एवं समस्याओं को खुलकर साझा करने तथा आवश्यकता होने पर समय पर उचित सहायता एवं परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप कच्छवाह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के विषय पर खुलकर बातचीत करना आवश्यक है। मानसिक स्वास्थ्य का व्यक्ति के दैनिक जीवन, शिक्षा, व्यवहार और समग्र कल्याण पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याओं और भावनाओं को साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर सहायता लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं और विचार साझा किए। कार्यक्रम में विकास तिवाड़ी, कैलाश राजपुरोहित, तुलसी मीना, धर्मेंद्र सोनी एवं नेहा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।महाविद्यालय में आयोजित यह अनुवर्ती सत्र छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों की समय पर पहचान कर आवश्यक सहायता प्राप्त करने की दिशा में उपयोगी पहल रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने