बच्चों ने उठाई RTI जागरूकता की अलख, चैकपोस्ट से डाबर तक निकली रैली।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- राजगढ़ ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना के अधिकार (RTI) को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोप फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित ‘समझो तो’ कार्यक्रम के तहत चैकपोस्ट से डाबर तक जोरदार जागरूकता रैली निकाली गई। आशीष टॉक के दिशा-निर्देशन में आयोजित रैली में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्रामीणों और आमजन को उनके अधिकारों की जानकारी दी।
रैली के दौरान बच्चों ने ग्रामीणों को समझाया कि सूचना का अधिकार आम नागरिक को सरकारी कार्यों, योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बच्चों ने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर RTI का उचित एवं जिम्मेदाराना उपयोग करने की अपील की।
रैली के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीणों तक RTI से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंची। बच्चों के जागरूकता संदेशों को ग्रामीणों ने रुचि के साथ सुना और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। रैली के दौरान बच्चों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रोप फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर अमित शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक RTI से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें अपने संवैधानिक एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही अपने अधिकारों का सही इस्तेमाल कर व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रख सकता है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से सोनू सैनी एवं सूरज कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। रैली ने ग्रामीण क्षेत्र में सूचना के अधिकार को लेकर जागरूकता का संदेश दिया और बच्चों ने स्वयं आगे बढ़कर लोगों को उनके अधिकारों की ताकत समझाई।
