महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के खिलाफ भाकपा की हुंकार, राजगढ़ में निकाली विरोध रैली।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- राजगढ़- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शाखा राजगढ़ की ओर से बुधवार को केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध रैली निकाली गई। रैली के शुभारंभ से पहले स्वतंत्रता सेनानी पंडित भवानी सहाय की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया उसके बाद रैली का शुभारंभ किया। रैली पंडित भवानी सहाय चौक से शुरू होकर मुख्य बाजारों से होते हुए तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों,पेपर लीक, ठेका प्रथा और निजीकरण के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
तहसील परिसर के गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पार्टी सचिव एडवोकेट मनोज कुमार बोहरा ने कहा कि आम आदमी रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदते समय भी सरकार को टैक्स देता है, लेकिन बढ़ती महंगाई का सबसे बड़ा बोझ गरीब, मजदूर,किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ने से आम आदमी के सामने घर चलाना मुश्किल हो गया है।
बोहरा ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आमजन को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भी सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और व्यवस्था में भ्रष्टाचार के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि महंगी शिक्षा और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों का भविष्य भी संकट में है।
पेपर लीक को युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा और उनके अभिभावक वर्षों तक मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाते हैं, लेकिन परीक्षा के बाद पेपर लीक होने की खबरें आने से उनका समय,पैसा और मेहनत बर्बाद हो जाती है।उन्होंने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर सरकारी संस्थानों के निजीकरण और ठेका प्रथा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे स्थायी रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। बोहरा ने कार्यकर्ताओं और आमजन से आगामी चुनावों में भाजपा के खिलाफ मतदान करने की अपील भी की।
जिला सचिव कॉमरेड तेजपाल सैनी ने अपने संबोधन में महंगाई,भ्रष्टाचार, बेरोजगारी,ठेका प्रथा और निजीकरण को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। कॉमरेड मोहनलाल शर्मा ने भी केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपने विचार व्यक्त किए।
रैली में कॉमरेड मनोज कुमार बोहरा,जिला सचिव तेजपाल सैनी,सुभाष चंद्र शर्मा,संघ के मिडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी,दिनेश कुमार गरवाल, उम्मेद सिंह,ताला राम, जीलाल सैनी,शिवलाल सैनी, सुनील दत्त शर्मा,बाबूलाल शर्मा,बाबूलाल गौड़, मोहनलाल शर्मा सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
