हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न
जिले में बूथ स्तर तक अभियान की रणनीति तय, तिरंगा यात्रा को जनभागीदारी का उत्सव बनाने का आह्वान
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन, तुलसी पार्क में आगामी 'हर घर तिरंगा' एवं तिरंगा यात्रा अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन से हुआ। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति का जनआंदोलन है। प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह हर घर तक तिरंगा पहुंचाए और अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़े। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान राष्ट्रीय चेतना का पर्व बन चुका है। उन्होंने बताया कि बलरामपुर जनपद में प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभियान को उत्साह और अनुशासन के साथ सफल बनाने तथा नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और महत्व के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू', निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी एवं मनोज तिवारी, चेयरमैन प्रिन्स वर्मा, रवि वर्मा, कार्यक्रम संयोजक महेन्द्र पाण्डेय, सह संयोजक अवधेश तिवारी 'तरुण', ललिता तिवारी, दुष्यन्त चौधरी, जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, आद्या सिंह 'पिंकी', वंदना पासवान, संजय शुक्ल, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह 'पिंकू', बिन्दू विश्वकर्मा, डी.पी. सिंह बैस, अवधेश पाण्डेय, झूमा सिंह, साधना पाण्डेय सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 'हर घर तिरंगा' एवं तिरंगा यात्रा अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
