पूर्वांचल में कांग्रेस को मजबूती देने में जुटे हसीब खान, मुस्लिम समाज के उत्थान पर लखनऊ में हुआ मंथन
क्लार्क अवध होटल में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी पर हुई विस्तृत चर्चा
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की अगुवाई में राजधानी लखनऊ के होटल क्लार्क अवध में मुस्लिम समाज के उत्थान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता हसीब खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम बुद्धिजीवियों, धर्मगुरुओं, पूर्व आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों के सम्मानित लोगों ने भाग लिया।
बैठक में मुस्लिम समाज की शिक्षा, युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, आधुनिक संसाधनों तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास सभी वर्गों, विशेषकर मुस्लिम, दलित, शोषित और वंचित समाज के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान मुस्लिम समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में प्रतिनिधित्व मिला और पार्टी ने हमेशा सामाजिक समरसता एवं समान अवसर की नीति पर कार्य किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों और देश निर्माण में पार्टी के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वह पूर्वांचल के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षा को सामाजिक प्रगति का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं को आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने पर बल दिया। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए मुस्लिम बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति रही। आयोजन में सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक मुद्दों पर हुई चर्चा को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक हलकों में भी इसकी चर्चा बनी हुई है।

