परिवार नियोजन जागरूकता अभियान का शुभारंभ, डीएम-सीडीओ ने दिखाई जागरूकता वैन को हरी झंडी

 परिवार नियोजन जागरूकता अभियान का शुभारंभ, डीएम-सीडीओ ने दिखाई जागरूकता वैन को हरी झंडी




आशा कार्यकर्ताओं से बोले डीएम—भ्रांतियां दूर कर पात्र दंपत्तियों तक पहुंचाएं परिवार नियोजन की जानकारी


सम्वाददाता संतोष कुमार 


 उत्तर प्रदेश बलरामपुर जिले में परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कलेक्ट्रेट परिसर से परिवार नियोजन जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


परिवार कल्याण विभाग द्वारा मोबियस फाउंडेशन एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित इस विशेष अभियान के तहत जनपद के गांव-गांव में लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे एवं स्वस्थ परिवार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।


इस मौके पर जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशाओं से योग्य दंपत्तियों को सही परामर्श देने, परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।


जागरूकता वैन जनपद के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी विधियों, जन्म अंतराल के लाभ, मातृ स्वास्थ्य और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी देगी। अभियान के दौरान प्रचार-प्रसार सामग्री एवं अन्य माध्यमों से भी व्यापक जन-जागरूकता चलाई जाएगी।


कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्त्रियां एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने