बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर तुलसीपुर में जश्न, समर्थकों ने बांटी मिठाइयां
पटाखे फोड़कर मनाई खुशी, न्यायालय के फैसले का किया स्वागत; भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के अदालत से बरी होने के बाद तुलसीपुर में उनके समर्थकों ने खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और न्यायालय के फैसले का स्वागत किया।
दीप नारायण सिंह डिग्री कॉलेज के प्रबंधक धर्मवीर सिंह 'पप्पू' और प्रधानाचार्य पवन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मकुनहवा, सूरज सिंहडीह, मोहनापुर समेत आसपास के गांवों से पहुंचे समर्थकों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया।
इस मौके पर प्रबंधक धर्मवीर सिंह ने कहा, "सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।" उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय ने यह साबित कर दिया कि अंततः सत्य की ही जीत होती है। समर्थकों ने फैसले को न्यायपालिका पर विश्वास की जीत बताते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उल्लेखनीय है कि महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़े मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को आरोपों से बरी कर दिया। फैसले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों की तरह तुलसीपुर में भी समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य विष्णुदेव गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि राम दयाल सोनी, भाजपा अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शिव कुमार वाल्मीकि, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष शकील राइनी, शक्ति केंद्र संयोजक जय ओम कसौधन, प्रदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
