बिना पोल लगाए बिजली काटकर कर्मचारी मौके से फरार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-टहला- अलवर जिले के गोलाकाबास क्षेत्र के दफलपुरा कस्बे में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार विभागीय कर्मचारियों ने नए बिजली पोल लगाने के कार्य के दौरान पुराने पोल से क्षेत्र की विद्युत लाइन काट दी,लेकिन नया पोल लगाए बिना ही मौके पर गड्ढा खोदकर कर्मचारियों ने काम अधूरा छोड़ दिया और अवकाश होने की बात कहकर वहां से चले गए।
बताया जा रहा है कि दोपहर से ही पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलने के बाद पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों को बार-बार फोन किया गया,लेकिन उन्होंने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की इस लापरवाही के कारण रात के समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। मौके पर खोदा गया गड्ढा भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। अंधेरे के कारण कोई व्यक्ति या वाहन चालक गड्ढे की चपेट में आ सकता है।
आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन इस प्रकार की लापरवाही देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल मौके पर कर्मचारियों को भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने, अधूरा कार्य पूरा करने तथा जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
