सब इंस्पेक्टर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में फर्जीवाड़ा! युवक के रोल नंबर पर युवती पहुंची परीक्षा देने, फर्जी परिचय पत्र लेकर चाचा के साथ आई थी आरोपी।

 सब इंस्पेक्टर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में फर्जीवाड़ा!

युवक के रोल नंबर पर युवती पहुंची परीक्षा देने, फर्जी परिचय पत्र लेकर चाचा के साथ आई थी आरोपी।



*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- सब इंस्पेक्टर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी का मामला सामने आने से परीक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया। चित्रकूट स्टेडियम में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान पुलिस ने एक युवती को कथित तौर पर फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने के प्रयास में गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी युवती एक युवक के रोल नंबर का कथित रूप से दुरुपयोग कर उसके नाम से फर्जी परिचय पत्र तैयार करवाकर परीक्षा देने पहुंची थी। युवती अपने चाचा के साथ चित्रकूट स्टेडियम पहुंची और फर्जी परिचय पत्र के आधार पर शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का प्रयास किया।

*जांच के दौरान खुला फर्जीवाड़ा*

परीक्षा स्थल पर दस्तावेजों की जांच के दौरान युवती का परिचय पत्र संदिग्ध पाया गया। पुलिस की जांच में परिचय पत्र फर्जी होने की पुष्टि हुई। जिस युवक के रोल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी परिचय पत्र तैयार किया गया था, वह युवक पहले ही ०5 अगस्त को उदयपुर में शारीरिक दक्षता परीक्षा दे चुका है।

एक ही रोल नंबर से दो अलग-अलग स्थानों पर परीक्षा देने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल युवती को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

*चाचा के साथ पहुंची थी परीक्षा देने*

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती फर्जी दस्तावेज लेकर अपने चाचा के साथ परीक्षा केंद्र पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्रकूट थाना पुलिस आरोपी युवती से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी परिचय पत्र किसने तैयार किया और इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

सब इंस्पेक्टर भर्ती जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने के बाद परीक्षा व्यवस्था और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने