बाल वाहिनियों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 213 के चालान, 27 वाहन जब्त।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- जिले में बाल वाहिनियों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले बाल वाहिनी संचालकों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है।
परिवहन विभाग की टीमों ने अब तक जिलेभर में 213 बाल वाहिनियों के चालान बनाए हैं, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 27 वाहनों को जब्त किया गया है। कार्यवाही के बाद बाल वाहिनी संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
विभाग की ओर से वाहनों की फिटनेस,परमिट,दस्तावेज, सुरक्षा मानकों सहित अन्य निर्धारित नियमों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही जारी रहेगी।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। विभाग की सख्ती के बाद बाल वाहिनी संचालकों को भी वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
