अलवर के निजी निशु हॉस्पिटल पर बड़ा एक्शन, अस्पताल सील अनाधिकृत व्यक्ति से डिलीवरी कराने के मामले में FIR के निर्देश, लाइसेंस निरस्त; संचालक व नर्सिंगकर्मी पर कार्यवाही की तैयारी।

 अलवर के निजी निशु हॉस्पिटल पर बड़ा एक्शन, अस्पताल सील

अनाधिकृत व्यक्ति से डिलीवरी कराने के मामले में FIR के निर्देश, लाइसेंस निरस्त; संचालक व नर्सिंगकर्मी पर कार्यवाही की तैयारी।



*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के मामले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अलवर के निजी निशु हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। अनाधिकृत व्यक्ति से प्रसव कराने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अस्पताल को सील करने, उसका लाइसेंस निरस्त करने तथा अस्पताल की सभी गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

मामले में अस्पताल के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही अस्पताल के संचालक डॉ. भुवनेश शर्मा तथा संबंधित नर्सिंगकर्मी के खिलाफ कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वीसी में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं की ANC (Ante Natal Care) रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड करने, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) मामलों की नियमित एवं कड़ी मॉनिटरिंग करने तथा प्रसव से जुड़ी सेवाओं में निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही मिली तो होगी कठोर कार्यवाही 

प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित संस्थान और जिम्मेदार कार्मिकों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।

निशु हॉस्पिटल पर हुई इस कार्यवाही के बाद निजी अस्पतालों में भी हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ अब सख्त कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने