अरावली पर हाई पावर कमेटी की बैठक बनी सवालों के घेरे में।
नेता प्रतिपक्ष को राय रखने का मौका नहीं मिलने पर उठे सवाल—‘जंगल उजाड़ने की लीपापोती क्यों?’
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अरावली पर्वतमाला की नवीन परिभाषा और इसके संरक्षण को लेकर चल रही बहस के बीच सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी की कार्यप्रणाली को लेकर अलवर में सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में नेता प्रतिपक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए आमंत्रित ही नहीं किया गया, जबकि अरावली संरक्षण को लेकर विपक्ष और आमजन लगातार आवाज बुलंद करते रहे हैं।
बताया गया कि कमेटी के नोडल अधिकारी एवं खनिज विभाग के एईएन की ओर से बैठक के लिए सत्ता पक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, लेकिन नेता प्रतिपक्ष को अपनी राय रखने का अवसर नहीं मिला। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि अरावली जैसे संवेदनशील विषय पर जनप्रतिनिधियों की राय जानी जा रही थी तो विपक्ष की आवाज को बैठक से बाहर क्यों रखा गया?
*आम तो बहाना था,राय तो माननीयों की जाननी थी!*
बैठक को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वास्तव में आमजन की राय जानना उद्देश्य था या फिर चुनिंदा जनप्रतिनिधियों की राय तक ही प्रक्रिया सीमित रही? आरोप है कि भीड़ से दूर कमरे में सत्ता पक्ष से जुड़े जीते और हारे *जनप्रतिनिधियों से अरावली से संबंधित राय ली गई*।
बताया जा रहा है कि चर्चा के दौरान खनन जारी रखने से लेकर सीटीएच (Critical Tiger Habitat) के दायरे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जनप्रतिनिधियों के विचार सामने आए। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों का सवाल है कि अरावली के भविष्य से जुड़े इतने बड़े निर्णय में सभी पक्षों को समान अवसर क्यों नहीं दिया गया?
सुप्रीम कोर्ट की आपत्ति के बाद और बढ़ी संवेदनशीलता
अरावली पर्वतमाला की नवीन परिभाषा को लेकर पहले से ही राजनीतिक दलों, पर्यावरण प्रेमियों और आमजन में विरोध के स्वर उठते रहे हैं। लगातार विरोध-प्रदर्शनों और अरावली बचाने की मांग के बीच सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले में संज्ञान लिए जाने के बाद विषय की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
ऐसे में हाई पावर कमेटी की प्रक्रिया में विपक्ष को शामिल नहीं किए जाने के आरोप ने नई बहस छेड़ दी है।
*‘ये संयोग है या प्रयोग?’*
अब सवाल यह है कि जब अरावली के संरक्षण को लेकर सत्ता और विपक्ष के साथ-साथ आमजन की राय महत्वपूर्ण है, तो चुनिंदा जनप्रतिनिधियों से ही राय लेने की जरूरत क्यों पड़ी?
क्या अलवर से जुड़े सत्ता पक्ष के सहयोगी जनप्रतिनिधि अरावली को लेकर अपने राजनीतिक नेतृत्व से अलग राय रखने की स्थिति में हैं? या फिर बैठक में सामने आई राय पहले से तय राजनीतिक सोच के अनुरूप ही रहने वाली थी?
अरावली केवल पहाड़ों की श्रृंखला नहीं, बल्कि अलवर की पर्यावरणीय सुरक्षा, वन क्षेत्र, वन्यजीव और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है। ऐसे में इस पूरे मामले में पारदर्शिता और सभी पक्षों की समान भागीदारी को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हाई पावर कमेटी अरावली को लेकर सामने आई सभी राय को किस तरह दर्ज करती है और क्या विपक्ष एवं आमजन की आपत्तियों को भी उसी गंभीरता से स्थान दिया जाएगा।
