महंगाई,भ्रष्टाचार और चंदा चोरी की न्यायिक जांच की मांग को लेकर भाकपा का प्रदर्शन,प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-लक्ष्मणगढ़- अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की लक्ष्मणगढ़ इकाई ने सोमवार को महंगाई, भ्रष्टाचार और राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने से पूर्व कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए- आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाकपा के लक्ष्मणगढ़ सचिव अतर खां के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। पार्टी का आरोप है कि आय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही,रोजगार के अवसर सीमित हैं और डीजल,पेट्रोल तथा रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम परिवारों का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि देश की बड़ी आबादी पहले से ही सरकारी खाद्यान्न योजना पर निर्भर है। यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आर्थिक संकट और गहरा सकता है। साथ ही, भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्यवाही कर भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई।
भाकपा ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों तक पहुंचा जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अतर खां,तेजपाल सैनी, राजकुमार बक्शी,मनमोहन सैनी,नूरदीन खां,तुलसीराम शर्मा,इमरत खां सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
