नीलकंठ महादेव मंदिर में सहस्त्रधारा के बाद गूंजा हर-हर महादेव, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

 नीलकंठ महादेव मंदिर में सहस्त्रधारा के बाद गूंजा हर-हर महादेव, विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।




शौचालय-स्नानघर निर्माण की घोषणा बनी आकर्षण का केंद्र, दूर-दराज से पहुंचे कावड़ियों ने चढ़ाई कावड़ —


 आशावरी माता के दरबार में भी श्रद्धालुओं ने टेका माथा


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):-टहला- अलवर जिले में टहला क्षेत्र के राजोरगढ़ ग्राम पंचायत स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में मंगलवार को भक्ति,आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नीलकंठ महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में मंदिर परिसर में सहस्त्रधारा अभिषेक के बाद प्रथम विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीलकंठ महादेव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और दिनभर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से माहौल शिवमय बना रहा।

श्रद्धालुओं ने बाबा नीलकंठ महादेव के दर्शन कर ढोक लगाई तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता,जनप्रतिनिधि, संत-महंत एवं गणमान्य नागरिक पहुंचे।

कार्यक्रम में रामगढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, थानागाजी विधायक कांतिलाल मीणा,राजपूत सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भवानी सिंह राजावत,महंत जानकी दास,मोनी बाबा गौशाला के प्रतिनिधि,अलवर नगर निगम पार्षद रामावतार शर्मा,पूर्व पार्षद संतोष शर्मा, दयानंद लांबा,पंचायत समिति पार्षद राकेश गुप्ता,रोहितास शर्मा,गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के जिलाध्यक्ष अरविंद जोशी,पत्रकार नेमि नीमला, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी, ऋतीक शर्मा अलवर,सौदान गुर्जर एवं विशाल नौगांवा सहित अनेक लोगों ने शिरकत की।

इस अवसर पर सुभाष गोटेवाला,एडवोकेट बी.एल. यादव,जग्गी भाई,विष्णु शर्मा, रीडर अशोक अग्रवाल, अशोक झलानी,नरेश चौधरी, जीव-जंतु समिति के भारत शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

*शौचालय-स्नानघर निर्माण की घोषणा से खुशी की लहर*

कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए शौचालय एवं स्नानघर की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा कर सबका ध्यान आकर्षित किया। नीलकंठ महादेव सेवा समिति के प्रधान सेवक राजेश जोशी ने बताया कि मंदिर परिसर में शौचालय की सुविधा नहीं होने की समस्या को देखते हुए आहूजा ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपने स्तर पर शौचालय एवं स्नानघर निर्माण करवाने की घोषणा की।

घोषणा का समिति के सेवादारों,ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। समिति की ओर से आहूजा को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है।

*पटना से दिल्ली तक पहुंचे कावड़िए*

नीलकंठ महादेव मंदिर में कावड़ियों का भी तांता लगा रहा। बिहार के पटना,जयपुर, अलवर,दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु कावड़ लेकर मंदिर पहुंचे और बाबा नीलकंठ महादेव को कावड़ चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।

कावड़ियों ने भगवान शिव से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की प्रार्थना की और बाबा नीलकंठ महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने समीप स्थित आशावरी माता मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए तथा अपनी एवं अपने परिवार की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने माता को प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

*श्रद्धा,सेवा और सामाजिक समरसता का बना संदेश*

प्रथम विशाल भंडारे ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा,सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजन में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में मंदिर के प्रति लोगों की गहरी आस्था को भी प्रदर्शित किया। समिति के सेवादारों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, भामाशाहों,श्रद्धालुओं एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने