भाजपा सांसद को कर्ज मामले में बड़ी राहत क्यों? — *भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने उठाए सवाल*।
22 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के बदले कथित रूप से बेहद कम राशि चुकाने के फैसले पर सीपीआई ने जताई आपत्ति।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-अलवर- अलवर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) अलवर ने भाजपा सांसद सुभाष चंद्रा से जुड़े कर्ज समाधान मामले में एनसीएलटी द्वारा दी गई कथित बड़ी राहत पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में भेदभाव का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि जहां आम नागरिक और किसान मामूली कर्ज के लिए भी बैंकों के चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं और कर्ज न चुकाने की स्थिति में उनकी संपत्ति कुर्क करने जैसी कार्यवाही होती है, वहीं बड़े पूंजीपतियों को भारी राहत दिए जाने के मामले सामने आते हैं।
सीपीआई द्वारा जारी बयान में कहा गया कि सुभाष चंद्रा की कंपनियों के व्यक्तिगत कर्ज की गारंटी से जुड़े मामले में दिवाला समाधान प्रक्रिया को मंजूरी मिलने के बाद कर्ज की बड़ी राशि के मुकाबले बेहद कम भुगतान किए जाने का मामला गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी ने इस मामले की प्रक्रिया और कर्जदाताओं के हितों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
पार्टी के अनुसार, इस मामले में एचडीएफसी बैंक और एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस सहित कर्जदाताओं ने अपने तर्क प्रस्तुत किए थे, लेकिन ट्रिब्यूनल के निर्णय में व्यक्तिगत संपत्ति की उपलब्धता सहित विभिन्न आधारों पर समाधान योजना को मंजूरी दी गई। सीपीआई ने कहा कि यदि कर्ज देने वाली संस्थाओं को पर्याप्त गारंटी नहीं मिली थी तो इतनी बड़ी राशि का कर्ज किस आधार पर दिया गया, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
*एनसीएलटी के निर्णय पर उठाए सवाल*
सीपीआई ने कहा कि मामले में एनसीएलटी के सदस्यों के बीच अलग-अलग मत सामने आए थे, जिसके बाद तीसरे न्यायिक सदस्य के निर्णय के आधार पर समाधान योजना को मंजूरी दी गई। पार्टी के अनुसार, इस पूरे मामले में कर्जदाताओं को मिलने वाली राशि बेहद कम होने का मुद्दा गंभीर है।
पार्टी ने सवाल किया कि जब संबंधित कारोबारी समूह की बड़ी कंपनियां मौजूद थीं तो कर्ज के लिए पर्याप्त संपत्ति या अन्य सुरक्षा उपायों को क्यों नहीं अपनाया गया। सीपीआई ने आशंका जताई कि बड़े कर्जदारों के मामलों में राजनीतिक और सत्ता के प्रभाव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पार्टी ने इस संबंध में स्वतंत्र जांच की मांग भी उठाई है।
*आम जनता पर महंगाई का बोझ, बड़े कर्जदारों को राहत का आरोप*
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि एक ओर बड़े पूंजीपतियों और कॉरपोरेट घरानों को कर्ज मामलों में राहत दिए जाने के आरोप लगते रहे हैं, जबकि दूसरी ओर आम जनता महंगाई और करों के बोझ से परेशान है।
सीपीआई ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। पार्टी ने बैंकिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बैंकों और वित्तीय संस्थाओं में जनता का पैसा लगा होता है, इसलिए बड़े कर्ज मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
किसानों और आम लोगों के कर्ज मामलों से तुलना
पार्टी ने कहा कि किसान यदि ट्रैक्टर या कृषि कार्य के लिए कर्ज लेना चाहता है अथवा कोई आम व्यक्ति बैंक से ऋण के लिए आवेदन करता है तो उसे कई औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। वहीं कर्ज नहीं चुकाने की स्थिति में आम लोगों के खिलाफ संपत्ति कुर्की जैसी कार्यवाही तक की जाती है।
सीपीआई ने सरकार से मांग की कि बड़े पूंजीपतियों को अनुचित राहत देने के बजाय बकाया कर्ज की प्रभावी और पारदर्शी तरीके से वसूली सुनिश्चित की जाए तथा बैंकिंग व्यवस्था में आम जनता और बड़े कर्जदारों के लिए समान जवाबदेही का सिद्धांत लागू किया जाए। श्रमजीवी पत्रकार संघ व वाइस आफॅं मिडिया के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाडी को यह जानकारी महासचिव तेजपाल सैनी द्वारा दी गई।
