जानापाव राष्ट्रीय ब्राह्मण संवाद देश में ब्राह्मण व सवर्ण आंदोलन को देगा नई दिशा — *पं. चतुर्वेदी*
भगवान परशुराम की प्रकट जन्मस्थली पर 30 अगस्त को जुटेंगे देशभर के ब्राह्मण संगठनों के राष्ट्रीय प्रतिनिधि।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-उज्जैन- इंदौर में भगवान परशुराम की प्रकट जन्मस्थली जानापाव, महू (इंदौर) में 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला राष्ट्रीय ब्राह्मण संवाद कार्यक्रम देश में ब्राह्मण समाज और सवर्ण आंदोलन को नई दिशा देने वाला साबित होगा। कार्यक्रम में देशभर की प्रमुख ब्राह्मण संस्थाओं के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय प्रतिनिधि शामिल होकर समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह बात अखिल भारतीय संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं.सुरेंद्र चतुर्वेदी तथा प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा शंकर भार्गव ने व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि संयुक्त ब्राह्मण समन्वय समिति मध्य प्रदेश एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम में भगवान परशुराम की साक्षी में ब्राह्मण एवं सवर्ण समाज से जुड़े प्रमुख विषयों पर एक दिवसीय मंथन किया जाएगा।
*आरक्षण,एट्रोसिटी एक्ट और यूजीसी मुद्दे पर होगा मंथन*
पं. सुरेन्द्र चतुर्वेदी ने कहा कि आगामी दिनों में ब्राह्मण एवं सवर्ण समाज की दिशा और आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संवाद आवश्यक है। कार्यक्रम में आरक्षण व्यवस्था, एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून (एट्रोसिटी एक्ट), यूजीसी से जुड़े मुद्दों एवं यूजीसी रोलबैक की मांग सहित सवर्ण समाज के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले प्रमुख ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि समाज के उत्थान,कल्याण और भविष्य की रणनीति को लेकर अपने विचार रखेंगे। इस राष्ट्रीय संवाद से ब्राह्मण समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर एक साझा दिशा तय करने का प्रयास किया जाएगा।
*उज्जैन से 50 चुनिंदा प्रतिनिधि होंगे शामिल*
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी पहुंचेंगे। बताया गया कि उज्जैन से भी करीब 50 चुनिंदा ब्राह्मण प्रतिनिधि इस राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसी क्रम में ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का एक दल शनिवार सुबह ०7 बजे उज्जैन से जानापाव के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी एवं नर्मदा शंकर भार्गव ने कहा कि भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली जानापाव में आयोजित यह संवाद केवल एक बैठक नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज और सवर्ण समाज के सामने मौजूद मुद्दों पर गंभीर चिंतन और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

