धर्म और गौ संरक्षण के प्रखर योद्धा थे धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज।
11 अगस्त को मनाया गया प्राकट्य दिवस, सनातन धर्म, संस्कृति और गौ सेवा के संरक्षण का लिया संकल्प।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राष्ट्र धर्म और हिंदुत्व के प्रखर दीप स्तंभ,धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज के प्राकट्य दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। बृजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र धर्मदास जी महाराज के नेतृत्व में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के अभियान के संदर्भ में संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेश चंद शर्मा व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा माचाड़ी ने स्वामी करपात्री महाराज के जीवन और उनके संघर्षों को स्मरण किया।
*डॉ. शर्मा* ने कहा कि भारत की सनातन परंपरा आज भी इसलिए जीवंत है, क्योंकि समय-समय पर ऐसे ऋषि, आचार्य और संन्यासी इस धरती पर अवतरित हुए, जिन्होंने केवल धर्म का उपदेश नहीं दिया,बल्कि अपना पूरा जीवन धर्म के प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में समर्पित कर दिया।स्वामी करपात्री महाराज भी ऐसे ही विलक्षण युगपुरुष थे।
उन्होंने बताया कि स्वामी करपात्री महाराज का जन्म 11 अगस्त 1907 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के भटनी गांव में हुआ था। वे वेद-शास्त्रों,वेदांत और भारतीय दर्शन के प्रकांड विद्वान होने के साथ-साथ सनातन धर्म,संस्कृति और हिंदू समाज के जागरण के लिए जीवनभर सक्रिय रहे। वर्ष 1940 में विजयदशमी के दिन उन्होंने धर्म संघ की स्थापना कर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के आधार पर समाज को जागृत करने का व्यापक अभियान चलाया।
*गौ रक्षा आंदोलन के बने प्रखर स्वर*
*डॉ. शर्मा* के अनुसार स्वामी करपात्री महाराज ने देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर प्रखर जनजागरण अभियान चलाया और साधु-संतों तथा गौभक्तों को एकजुट किया। वर्ष 1948 में उन्होंने अखिल भारतीय राम राज्य परिषद की स्थापना की, जिसका उद्देश्य धर्म एवं भारतीय संस्कृति आधारित शासन व्यवस्था की स्थापना तथा गौ संरक्षण सहित सनातन मूल्यों की रक्षा करना था।
उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के मुद्दे को लेकर स्वामी करपात्री महाराज का संघर्ष ऐतिहासिक रहा। वर्ष 1966 में उन्होंने देशभर के साधु-संतों और गौ रक्षकों को संगठित कर दिल्ली में संसद के समक्ष आंदोलन किया। इस दौरान हुई पुलिस कार्यवाही में अनेक साधु-संतों और गौ रक्षकों के हताहत होने का उल्लेख करते हुए *डॉ. शर्मा* ने कहा कि इस घटना के बाद स्वामी करपात्री महाराज सहित अनेक संतों ने विरोध और अनशन किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री गुलजारीलाल नंदा ने भी इस घटना के विरोध में इस्तीफा दिया था।
*अंजलि को ही बना लिया था पात्र*
*डॉ. शर्मा* ने स्वामी करपात्री महाराज की तपस्या और सादगी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे भोजन अथवा भिक्षा ग्रहण करने के लिए किसी अलग बर्तन या थाली का उपयोग नहीं करते थे। वे अपनी दोनों हथेलियों को जोड़कर बनी अंजलि को ही पात्र के रूप में प्रयोग करते थे। इसी कारण उन्हें श्रद्धा से ‘करपात्री’ कहा गया। उनके अगाध शास्त्रीय ज्ञान,भारतीय दर्शन में अद्वितीय विद्वता और सनातन धर्म के प्रति अतुलनीय योगदान के कारण संत एवं विद्वान समाज ने उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘धर्म सम्राट’ की उपाधि से अलंकृत किया।
7 फरवरी 1982 को वाराणसी में उन्होंने देह त्यागी। वैदिक एवं शास्त्रीय परंपरा के अनुसार गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार जल समाधि के रूप में संपन्न हुआ।
*डॉ. शर्मा* ने कहा कि धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज का प्राकट्य दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि सनातन धर्म,भारतीय संस्कृति,गौ सेवा और वेद मार्ग के संरक्षण का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने समाज से उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र और धर्म की सेवा में आगे आने का आह्वान किया।
“धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भाव हो और विश्व का कल्याण हो।”
