हर घर तिरंगा’ अभियान में गूंजा वंदे मातरम्, देशभक्ति से सराबोर हुए विद्यालय परिसर।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, अलवर की ओर से लक्ष्मणगढ़ के श्रीराम आदर्श विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं डिवाइन पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का ऐसा जोश देखने को मिला कि पूरा विद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम का आयोजन उप महानिरीक्षक,आरटीसी एसएसबी अलवर संजीव यादव के नेतृत्व में किया गया। इसमें एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन होते ही वातावरण राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर एसएसबी अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया। सामूहिक गायन और राष्ट्रभक्ति के संदेश के माध्यम से एसएसबी ने युवा पीढ़ी को देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।

