नशा तस्करों पर राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार। 20 दिन में 1,158 तस्कर गिरफ्तार, 9,750 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त; 848 एनडीपीएस मामले दर्ज।

 नशा तस्करों पर राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार।

20 दिन में 1,158 तस्कर गिरफ्तार, 9,750 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त; 848 एनडीपीएस मामले दर्ज।



*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ रखा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा-निर्देशों पर 20 जुलाई से शुरू हुए एक माह के विशेष अभियान में महज 20 दिनों के भीतर पुलिस ने प्रदेशभर में 848 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 1,158 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान 9,750 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इनमें डोडा पोस्त,डोडा चूरा, अफीम,गांजा,स्मैक, एमडीएमए और हेरोइन सहित विभिन्न मादक पदार्थ शामिल हैं। अभियान 20 अगस्त तक जारी रहेगा।

तस्करी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान में विशेष रूप से व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले बड़े तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है,बल्कि नशे के स्रोत,सप्लाई चैन और पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल कर उसे ध्वस्त करने की दिशा में कार्यवाही कर रही है।

बीकानेर रेंज सबसे आगे, 273 तस्कर दबोचे

नशे के खिलाफ कार्यवाही में बीकानेर रेंज सबसे आगे रही। यहां 206 प्रकरण दर्ज कर 273 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

अजमेर रेंज में 92 प्रकरणों में 144, कोटा रेंज में 86 प्रकरणों में 125, जोधपुर रेंज में 80 प्रकरणों में 118, जयपुर रेंज में 96 प्रकरणों में 117,उदयपुर रेंज में 111 प्रकरणों में 185 तथा भरतपुर रेंज में 56 प्रकरणों में 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं जयपुर आयुक्तालय में 92 प्रकरणों में 91 तथा जोधपुर आयुक्तालय में 29 प्रकरणों में 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

*हार्डकोर अपराधियों पर भी कसा शिकंजा*

विशेष अभियान में पुलिस ने हार्डकोर अपराधियों को भी निशाने पर लिया। 2,067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ 2,085 कार्यवाही की गई, जबकि अब तक 1,624 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अवैध हथियारों के खिलाफ 319 प्रकरण दर्ज कर 396 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

*साइबर ठगी पर भी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही*

अभियान के दौरान साइबर अपराधियों पर भी बड़ी कार्यवाही हुई। पुलिस ने 624 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा साइबर अपराध से जुड़ी 8.24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई। वहीं ०2 करोड़ 91 लाख 63 हजार रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई। अवैध खनन के खिलाफ भी 650 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।

*9,663 जगह नाकाबंदी, ०7 लाख से ज्यादा वाहनों की जांच*

अपराध नियंत्रण के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। अभियान के तहत 9,663 स्थानों पर नाकाबंदी कर ०7 लाख ०4 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ०2 लाख 32 हजार से अधिक कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में पुलिस ने विशेष सख्ती बरती।

*महिला सुरक्षा और जनजागरूकता पर भी जोर*

महिला सुरक्षा से जुड़े 2,835 मामलों में कार्यवाही की गई। इसके साथ ही प्रदेशभर में 7,545 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए 1,060 सीएलजी बैठकों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद किया गया।

*अपराधियों में खौफ, आमजन में सुरक्षा का भरोसा*

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस संगठित अपराध, साइबर अपराध, महिला अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इन कार्यवाहियों से अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने