माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर बालिकाओं एवं किशोरियों को किया जागरूक।

 माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर बालिकाओं एवं किशोरियों को किया जागरूक।




*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):- अलवर- महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र एनईबी थाना एवं स्पेक्ट्रा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आजाद नगर, अलवर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता,स्वास्थ्य एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना तथा इससे जुड़े सामाजिक भ्रम,झिझक और भ्रांतियों को दूर करना रहा।

कार्यक्रम में कानूनी सलाहकार साक्षी बावलिया ने बालिकाओं एवं किशोरियों को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी। उन्होंने सैनिटरी पैड अथवा अन्य स्वच्छ एवं सुरक्षित साधनों के उचित उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही हाथों की स्वच्छता,पौष्टिक आहार एवं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है,जिसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच रखने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी तरह की असामान्य समस्या होने पर स्वास्थ्यकर्मी अथवा चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए भी बालिकाओं को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने माहवारी से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। इस दौरान सामाजिक भ्रांतियों और झिझक को दूर करते हुए बालिकाओं को सही जानकारी अपनाकर अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही बालिकाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना, पॉक्सो अधिनियम एवं बाल विवाह निषेध से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। बाल विवाह के दुष्परिणामों को समझाते हुए कम उम्र में विवाह से बचने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग एवं सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के समापन पर बालिकाओं एवं किशोरियों ने व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने तथा अन्य बालिकाओं को भी माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने