सेवानिवृत्ति के 72 घंटे में मिला ₹7.48 लाख का भुगतान, नगर पालिका बलरामपुर ने पेश की मिसाल
सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी के अवकाश नगरीकरण का रिकॉर्ड समय में निस्तारण, कर्मचारियों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता: अध्यक्ष
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर ने कर्मचारियों के हितों को लेकर नई कार्यसंस्कृति की शुरुआत करते हुए एक मिसाल कायम की है। परिषद ने सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी श्रीमती हजारा को सेवानिवृत्ति के महज 72 घंटे के भीतर अर्जित अवकाश नगरीकरण की ₹7,48,800 की पूरी धनराशि का भुगतान कर दिया।
श्रीमती हजारा 31 जुलाई 2026 को 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद आवश्यक अभिलेखीय और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर 3 अगस्त 2026 को उनके खाते में अवकाश नगरीकरण की राशि जारी कर दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने कहा कि कर्मचारियों का सम्मान और उनके वैधानिक देयों का समयबद्ध भुगतान परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति दिलाना परिषद की कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है।
अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों के सभी लंबित देयों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 72 घंटे के भीतर भुगतान होने से अन्य कर्मचारियों में भी विश्वास और उत्साह का माहौल बना है।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, कर निरीक्षक राजेश कुमार, जेई (सिविल) अविनाश यादव, जेई (जल) धर्मेंद्र गौड़, सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
