कटे ओंठ-तालु वाले 11 बच्चों को मिली पोषण किट, सफल ऑपरेशन के लिए बढ़ाया जाएगा वजन
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पहल, सीएमओ बोले- बेहतर पोषण से समय पर होगी निःशुल्क सर्जरी
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जन्मजात कटे ओंठ (क्लेफ्ट लिप) और कटे तालु (क्लेफ्ट पैलेट) से प्रभावित बच्चों के उपचार की दिशा में सोमवार को अहम पहल की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसआईपीएस हॉस्पिटल के सहयोग से 11 बच्चों को पोषण किट वितरित की गई, ताकि ऑपरेशन से पहले उनका स्वास्थ्य बेहतर हो सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि कटे ओंठ एवं तालु वाले बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा के लिए उनका पर्याप्त वजन और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कम वजन वाले बच्चों को पोषण किट उपलब्ध कराई गई है, जिससे उनका वजन बढ़े, शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो तथा समय पर सफल ऑपरेशन कर उन्हें सामान्य जीवन मिल सके।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात विकारों की समय पर पहचान कर बच्चों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान सीएमओ ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्क्रीनिंग, फॉलोअप और उपचार प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, शीतांशु रजक सहित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
