बुलडोजर न्याय नहीं चलेगा.......

 बुलडोजर न्याय नहीं चलेगा.......



  उदयपुर, 24 नवम्बर। बुलडोजर विनाश का प्रतिक है, लेकिन आज सरकार, स्थानीय निकाय और प्रशासन उसका विकास के नाम पर इस्तेमाल कर रहे, लेकिन याद रहे यह बुलडोजर किसी को भी नहीं छोड़ेगा। यह विचार पूर्व पार्षद और ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक राजेश सिंघवी ने राष्ट्रीय ऊजाडीकरण विरोध दिवस के अवसर पर उदयपुर स्थित हॉस्पिटल गेट के बाहर आयोजित बैठक में व्यक्त किये।


सिंघवी ने नगर निगम, उदयपुर द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर पथ विक्रेताओं की आये दिन की जा रही बेदखली पर रोक लगाने के साथ पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय का विनियमन) अधिनियम, 2014 की पालना करा पथ विक्रेताओं की आजीविका की सुरक्षा एवं उनके आत्मसम्मान की रक्षा करने की मांग की।


नेशनल हॉकर्स फैडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद ने नगर निगम, उदयपुर के महापौर के निर्देश पर नगर निगम, उदयपुर के अधिकारी ठेला, फुटपाथ व्यवसाईयों के साथ अमानवीय व्यवहार कर उनके ठेले, केबिन, सामान जब्त कर लेते है और उन्हें तरह-तरह जलील एवं परेशान कर प्रताडित करते रहते है। उन्होंने कहा कि ठेला, फुटपाथ व्यवसायी उदयपुर की जनता को सस्ता, सुलभ माल एवं सेवा देकर समाज में अपनी महत्ती भूमिका अदा कर रहा है।

 

  ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय का विनियमन) अधिनियम, 2014 की पालना कराने के साथ पथ विक्रेताओं पर किसी भी तरह की गैर कानूनी कार्यवाही नहीं करने, उनकी बेदखली पर रोक लगाने, पूर्व में रजिस्ट्रेशन कार्ड एवं लाईसेंस जारी किये हुए है, उन्हें रिन्यु करने, पथ विक्रेताओं की पहचान सर्वे में हुई अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए सर्वे में छुटे हुए सभी प्रकार के पथ विक्रेताओं का सर्वे करवाने, सभी पथ विक्रेताओं को पथ विक्रेता अधिनियम में दिये गये प्रावधान अनुसार पुनः व्यवसाय प्रमाण पत्र जारी करने, सभी पथ विक्रेताओं को केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा के लिए जारी योजनाओं के लाभ से जोड़ने के साथ पथ विक्रेताओं के उत्थान के लिए सामाजिक सुरक्षा की योजना जारी करने, सभी पथ विक्रेताओं और प्रमुख जगहों पर नियमित तौर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने तथा सभी जगहों पर पीने के पानी, छाया, शौचालय आदि की सुविधा करने, वेंडिग जोन और नो वेंडिंग जोन का कानूनी प्रावधान के अनुसार स्पष्ट निर्धारण कर पथ विक्रेताओं की राय अनुसार ही नो वेंडिंग जोन घोषित करने, चौराहा, पर्यटन स्थल, सुन्दरता, विकास या यातायात की कथित बाधाओं को लेकर नो वेंडिंग जोन घोषित नहीं करने और सभी अधिसूचित वेंडिंग जोन से कानूनी आधार पर सभी बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित एवं सुव्यवस्थित कर उसके पश्चात् ही नो वेंडिंग जोन से वेडिंग जोन में शिफ्टिंग की कार्यवाही करने, प्राकृतिक बाजार, विरासत बाजार तथा विशेष बाजारों जैसे रात्रि बाजार, फूड हब, महिला बाजार, बुक बाजार को चिन्हित कर अधिसूचित और विकसित करने, सभी पथ विक्रेताओं के लिए पर्यावरण के प्रति उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण मित्र योजना बना पथ विक्रेताओं को इस उपाधि से सम्मानित करते हुए जागरूकता और सुरक्षा किट देने, पथ विक्रेता कमेटी को ही पथ विक्रेताओं के बारे में निर्णय लेने का अधिकार देकर, उनके अधिकार में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करने, पथ विक्रेता निति के अनुसार शहर का 2.5 प्रतिशत हिस्सा पथ विक्रेताओं के लिए आरक्षित करने, राष्ट्रीय, शहरी आजीविका मिशन का 5 प्रतिशत हिस्सा पथ विक्रेताओं के उत्थान के लिए खर्च करने, हाथीपोल चौराहे से हटाये गये ठेला व्यवसाइयों को पुनः वहां व्यवसाय करने की अनुमति देने, हॉस्पीटल रोड़ कार्यरत ठेला फुटपाथ व्यवसाइयों को पिछले लम्बे समय से उनके कार्यस्थल से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है, उस पर रोक लगाने। निगम के कर्मचारियों/अधिकारियों द्वारा ठेला एवं सब्जी-फल विक्रेताओं का सामान जब्त किये जाने पर उन्हें पुनः छुडाने के लिए 6,000/-रु. के जुर्माने को बंद किये जाने की मांग की।


इस अवसर पर यूनियन की उपाध्यक्ष मोहिनी माली ने कहा कि ऊजाडीकरण का सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, उदयपुर महिलाओं के रोजगार एवं सम्मान के साथ खेलना बंद करें। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को ध्यान रखना चाहिए कि एक दिन ऐसा आयेगा जब डरने वाले लोग डरना बंद कर देंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने