प्रदूषण के लिए सिर्फ दो मंत्री ही जिम्मेदार क्यों? *लेखक रोहित शर्मा*

 प्रदूषण के लिए सिर्फ दो मंत्री ही जिम्मेदार क्यों? *लेखक रोहित शर्मा*




*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर की जहरीली हवा और बढ़ते प्रदूषण को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हो रहा है। इसमें राजस्थान के पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से सवाल पूछे जा रहे हैं। सवाल उठाना गलत नहीं है और न ही जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने में कोई बुराई है, लेकिन इस पूरे मामले में एक सवाल जनता से भी पूछा जाना चाहिए कि आखिर प्रदूषण के लिए सिर्फ दो मंत्री ही जिम्मेदार क्यों?

आखिर इसमें दोनों मंत्रियों की क्या गलती है? पटाखे किसने चलाए? आतिशबाजी किसने की? सड़कों पर धुआं छोड़ते वाहन कौन चला रहा है? कचरा कौन जला रहा है? निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल पर लापरवाही कौन बरत रहा है? इन सभी गतिविधियों में कहीं न कहीं आम नागरिकों की भी भूमिका है। मंत्रियों के घरों के सामने तो पटाखों का शोर नहीं था,आतिशबाजी भी आम लोगों ने ही की।

यह सही है कि प्रदूषण पर नियंत्रण करना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। मंत्रियों से सवाल होने चाहिए, प्रशासन से जवाब मांगा जाना चाहिए और प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम उठाने का दबाव भी बनना चाहिए। लेकिन क्या केवल सरकार पर सवाल उठाकर जनता अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो सकती है?

हम खुद प्रदूषण फैलाएं और फिर सारी जिम्मेदारी सरकार के सिर डाल दें,यह कैसी जागरूकता है? स्वच्छ हवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज की सामूहिक जरूरत और जिम्मेदारी भी है।

जरूरत इस बात की है कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए और आम नागरिक भी अपनी आदतों में बदलाव लाएं। अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें,कचरा न जलाएं,निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय अपनाएं और पटाखों के इस्तेमाल में संयम बरतें।

स्वच्छ हवा हमारा अधिकार है,लेकिन उसे स्वच्छ बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी भी है। सवाल सरकार से जरूर पूछिए,लेकिन एक सवाल खुद से भी कीजिए कि प्रदूषण रोकने के लिए हमने अपनी ओर से क्या किया?

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने