गौ रक्षक संगठन की आड़ में गौ तस्करी का आरोप, पुलिस की गोली से सोनू पंडित घायल।
फर्जी गौ रक्षक संगठनों की जांच की मांग, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा ज्ञापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- मेरठ- गौ संरक्षण के नाम पर कथित तौर पर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही के बाद गौ रक्षक संगठनों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मेरठ में कुलदीप उर्फ सोनू पंडित को पुलिस ने गौ तस्करी के आरोप में पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार,आरोपी ने भागने की कोशिश की,जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौ पुत्र संत धर्मदास महाराज ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में कुछ संगठन निस्वार्थ भाव से गौ माता और सनातन धर्म की सेवा एवं रक्षा कर रहे हैं, जबकि कुछ कथित फर्जी संगठन गौ संरक्षण के नाम पर धन कमाने और गौ तस्करों को संरक्षण देने जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने इलाहाबाद में एक परिवार के तीन सदस्यों को कथित तौर पर गौ तस्करी के मामले में पकड़े जाने का भी उल्लेख किया।
धर्मदास महाराज ने कहा कि गौ माता की सेवा और रक्षा के नाम पर गलत गतिविधियों में शामिल लोगों के कारण सच्चे गौ रक्षकों की छवि धूमिल होती है। उन्होंने ब्राह्मण समाज के कुछ युवाओं के कथित तौर पर गौ तस्करी और गौ हत्या जैसे मामलों में संलिप्त होने पर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसे कृत्य भगवान परशुराम के आदर्शों को बदनाम करते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके संगठन में ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न वर्गों के संत, किन्नर,महिला-पुरुष और युवा जुड़े हुए हैं, जो निस्वार्थ भाव से गौवंश की सेवा और रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी गौ सेवकों के माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने बच्चों को गौ सेवा के कार्य में आगे बढ़ाया।
फर्जी संगठनों की जांच की मांग
धर्मदास महाराज ने बताया कि ०1 नवंबर की रात प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने की तैयारी की जाएगी। ज्ञापन के माध्यम से देशभर में संचालित कथित फर्जी गौ रक्षक संगठनों की जांच कराने और गौ संरक्षण के नाम पर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत संगठन पूरे देश में गौ माता के सम्मान और गौवंश की रक्षा के लिए निस्वार्थ भाव से चौबीसों घंटे कार्य कर रहा है।
