भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर लगाया तिलक, लंबी उम्र की मांगी दुआ।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-माचाड़ी- भाई-बहन के अटूट प्रेम,स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व देशभर सहित माचाड़ी व राजगढ़ कस्बे में बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे भारत देश व कस्बों व शहरों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बहनें सज-धजकर पूजा की थाली लेकर अपने भाइयों के घर पहुंचीं और विधि-विधान से भाई दूज की पूजा-अर्चना की।
बहनों ने थाली में रोली, अक्षत,मिठाई और दीपक सजाकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया तथा उनकी लंबी उम्र,उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार एवं शगुन भेंट कर उनके प्रति अपना प्रेम और सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर कई घरों में दूर-दराज से आई बहनों का भाइयों ने आत्मीय स्वागत किया। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। दिनभर घरों में हंसी-खुशी और पारिवारिक मिलन का माहौल बना रहा।
भाई दूज को लेकर बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बहनों ने भाइयों के लिए मिठाइयों,कपड़ों और अन्य उपहारों की खरीदारी की।
ग्रामीणों ने बताया कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत बनाने का संदेश देता है। यह पर्व आपसी प्रेम,विश्वास और पारिवारिक एकता की परंपरा को आगे बढ़ाता है। गांव में भी पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया गया।
