रितु बराला से कथित मारपीट और FIR दर्ज नहीं होने पर टीकाराम जूली ने उठाए सवाल, भाजपा सरकार को घेरा।

 रितु बराला से कथित मारपीट और FIR दर्ज नहीं होने पर टीकाराम जूली ने उठाए सवाल, भाजपा सरकार को घेरा।




*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

 

(माचाडीअलवर):-अलवर- राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रितु बराला के साथ दिल्ली में कथित मारपीट की घटना और मामले में अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं होने को लेकर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक,विशेषकर एक बेटी के साथ हुई कथित घटना की शिकायत पर कानून के अनुसार त्वरित कार्यवाही होनी चाहिए।

जूली ने इस मामले को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि जब एक बेटी के साथ हुई घटना की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को पुलिस कमिश्नरेट में बैठना पड़े,तो यह कानून के समान अनुपालन और नागरिकों के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्यवाही करे। किसी भी पीड़ित को न्याय पाने के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए और शिकायतों पर निष्पक्ष तरीके से कार्यवाही की जानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने तथा शिकायत पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज होने और पुलिस की ओर से की गई कार्यवाही की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने