बालेटा की आठ बालिकाओं का राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में चयन।
गांव की बेटियों ने बढ़ाया विद्यालय और क्षेत्र का मान, ग्रामीणों ने दी बधाई।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-बालेटा- अलवर जिले के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बालेटा की आठ प्रतिभावान बालिकाओं ने साइकिलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं ग्राम बालेटा का नाम रोशन किया है। बालिकाओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका लक्ष्मी ने बताया कि विद्यालय की बालिकाओं ने साइकिलिंग प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रोड रेस 17 वर्ष आयु वर्ग में सुनीता रैबारी एवं भोती,जबकि 19 वर्ष आयु वर्ग में जागृति शर्मा एवं अंजलि वर्मा ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर के लिए स्थान बनाया। इसी प्रकार साइकिलिंग ट्रैक रेस 17 वर्ष आयु वर्ग में भावना एवं राखी, जबकि 19 वर्ष आयु वर्ग में बफाना खान एवं रोशन रैबारी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
बालिकाओं के राज्य स्तर पर चयन की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता गौड़ एवं समस्त स्टाफ ने चयनित बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य संगीता गौड़ ने कहा कि विद्यालय की आठ बालिकाओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना विद्यालय के साथ-साथ ग्राम बालेटा के लिए भी गर्व की बात है। इन बालिकाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा समस्त ग्रामवासियों सहित जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज बालिकाएं शिक्षा,खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
उन्होंने बालिकाओं की इस उपलब्धि का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत,अनुशासन और सच्ची लगन को देते हुए उनकी सराहना की। साथ ही विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका लक्ष्मी को भी बालिकाओं को निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देने के लिए बधाई दी।
ग्रामवासियों ने भी राज्य स्तर के लिए चयनित सभी बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और क्षेत्र की बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
