चीनी मिल ने बाढ़ एवं बारिश से प्रभावित किसानों की मदद को बढ़ाया हाथ
जिला सम्वाददाता
उत्तर प्रदेश तुलसीपुर, बलरामपुर। 29 सितंबर। विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश से प्रभावित किसानों की मदद के लिए तुलसीपुर चीनी मिल प्रबंधन ने पहल तेज कर दी है। चीनी मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम युद्धस्तर पर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
जलभराव वाले खेतों से पानी निकलवाने के साथ ही गिरे हुए गन्ने की बंधाई के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चीनी मिल के इकाई प्रमुख आर.एस. प्रसाद ने बताया कि जिन खेतों में बारिश का पानी भर गया है, वहां फसल को संभावित नुकसान से बचाने के लिए ब्लीचिंग पाउडर और ट्राइकोडर्मा की निशुल्क व्यवस्था चीनी मिल प्रबंधन की ओर से की गई है।
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद किसान अपने क्षेत्र के सीएफए एवं सीडीओ से संपर्क कर ब्लीचिंग पाउडर और ट्राइकोडर्मा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की समस्या, सहयोग या सुझाव के लिए किसान चीनी मिल प्रबंधन से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
चीनी मिल उप महाप्रबंधक प्रशासन आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश एवं जलभराव से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए मिल प्रबंधन लगातार प्रयासरत है। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
