बड़ौदा मेव थाने के सामने युवक की हत्या, पुलिस पर मिलीभगत के आरोप प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- *जूली*

 बड़ौदा मेव थाने के सामने युवक की हत्या, पुलिस पर मिलीभगत के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- *जूली*




आरोपी ने सिर पर पत्थर से किए कई वार,पुलिस ने सिर पर वार की बात से किया इनकार।


कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल, एएसपी ने कहा—आरोपी विक्षिप्त श्रेणी का,मेडिकल परीक्षण के बाद स्थिति होगी साफ।


*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*

 

(माचाडीअलवर):-बड़ौदा मेव- अलवर जिले के बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को थाना परिसर के सामने एक युवक की हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिस समय सरकार सेवा, संकल्प और सुरक्षा के दावे कर रही है,वहीं पुलिस थाने के सामने ही एक युवक की हत्या हो जाना कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने दावा किया कि आरोपी युवक ने मृतक के सिर पर पत्थर से कई वार किए। हालांकि पुलिस ने मृतक के सिर पर पत्थर से कई बार वार किए जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार घटना की वास्तविक स्थिति की जांच की जा रही है।

*एएसपी ने कहा—आरोपी विक्षिप्त श्रेणी का*

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि आरोपी युवक विक्षिप्त श्रेणी का बताया जा रहा है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने यह भी कहा कि हत्या थाने के सामने होने की बात सही नहीं है और घटनास्थल को लेकर तथ्यों की जांच की जा रही है।

*कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल*

घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेता अनवर साजिद खान ने आरोप लगाया कि आरोपी ने मृतक की टोपी और दाढ़ी से उसकी विशेष पहचान देखकर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने आरोपी को भाजपा-आरएसएस के पाले हुए गुंडे के रूप में संबोधित करते हुए पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस नेता सूरजमल कर्दम ने बड़ौदा मेव थानाधिकारी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना को लेकर पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी युवक को थाने के अंदर से भेजा गया था और घटना में पुलिस की मिलीभगत है।

*पुलिस की भूमिका की जांच की मांग*

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पुलिस की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मेडिकल परीक्षण तथा जांच के बाद ही आरोपी की मानसिक स्थिति एवं घटना के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने