टपूकड़ा में निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा, कलेक्टर-SP ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण।
*नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):-टपूकड़ा- अलवर जिले के टपूकड़ा में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने टपूकड़ा नगर पालिका क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष,शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
वहीं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण से स्पष्ट है कि आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि टपूकड़ा नगर पालिका क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
