राजगढ़ नगर पालिका चुनाव: नामांकन के अंतिम दिन तहसील परिसर में उमड़ी प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़।
"नागपाल शर्मा माचाडी़ की रिपोर्ट*
(माचाडी़अलवर):-राजगढ़- नगर पालिका चुनाव को लेकर राजगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को तहसील परिसर में सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।
भाजपा,कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के तहसील परिसर पहुंचने से पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल नजर आया। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारेबाजी करते दिखाई दिए, वहीं नामांकन प्रक्रिया को लेकर दिनभर तहसील परिसर में गहमागहमी बनी रही।
नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के पहुंचने के कारण तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्र में भीड़ बढ़ गई। विभिन्न वार्डों के प्रत्याशी आवश्यक दस्तावेजों के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे रहे।
इस बीच नामांकन प्रक्रिया को लेकर कुछ लोगों ने आरोप भी लगाए हैं। हालांकि आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। चुनावी प्रक्रिया के अंतिम चरण में नामांकन दाखिल होने के बाद अब सभी की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और आगे की चुनावी प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
राजगढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है और आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के और तेज होने की संभावना है।
