रेडीमेड एवं होजरी संगठन का वार्षिक स्नेह मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न
उदयपुर रेडीमेड एवं होजरी संगठन का वार्षिक स्नेह मिलन समारोह रविवार, 30 अगस्त 2026 को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी बंधुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत सभी व्यापारी बंधु उदयपुर आरएमबी स्कूल परिसर में एकत्रित हुए, जहां से बस द्वारा सभी को देवास के लिए रवाना किया गया। देवास स्थित रिसोर्ट में वार्षिक स्नेह मिलन एवं बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की वार्षिक बैठक में अध्यक्ष श्री राजमल जैन एवं मंत्री श्री अक्षय जैन ने संगठन द्वारा वर्षभर किए गए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। साथ ही आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्नेह मिलन समारोह में व्यापारियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान व्यापारियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
इसी क्रम में राकेश जैन को अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन में दक्षिणी राजस्थान अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने पर उदयपुर रेडीमेड एवं होजरी संगठन की ओर से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी व्यापारी बंधुओं ने देवास के समीप स्थित केलेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। यहां लगभग 40 फीट की ऊंचाई से गिरते प्राकृतिक झरनों ने सभी का मन मोह लिया।
वार्षिक बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं विस्तारित करने के लिए सभी व्यापारियों से सुझाव आमंत्रित किए गए। व्यापारियों ने बारी-बारी से अपना परिचय देते हुए संगठन की प्रगति एवं व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में संगठन के लिए भूमि लेकर अपना भवन निर्माण करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष एवं मंत्री द्वारा आगामी दिनों में संगठन का हीरक जयंती महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किए जाने की जानकारी भी व्यापारियों को दी गई। इस अवसर पर संगठन की आगामी गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर सभी सदस्यों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के उपाध्यक्ष ने समारोह में उपस्थित सभी व्यापारी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए समारोह को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया तथा सभी को सामूहिक भोजन के लिए आमंत्रित किया।
यह जानकारी उदयपुर रेडीमेड एवं होजरी संगठन के कार्यकारिणी सदस्य एवं पत्रकार राकेश जैन द्वारा दी गई।
